मां-बच्चों की मुस्कान से गुलजार हुआ Nilansh Water Park, यादगार बना पूरा दिन
सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर ने मातृ दिवस को खास अंदाज में मनाते हुए विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं के लिए Nilansh Water Park में एक विशेष मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया। इस अनूठे आयोजन में बच्चों और उनकी माताओं ने साथ मिलकर खुशियों, अपनत्व और मस्ती से भरे कई यादगार पल बिताए।

प्रातः विद्यालय परिसर से छात्र-छात्राएँ अपनी माताओं के साथ उत्साहपूर्वक रवाना हुए। वॉटर पार्क पहुँचते ही सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वादिष्ट नाश्ते के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर पूल एरिया में एंट्री ली और विभिन्न वाटर राइड्स, स्लाइड्स एवं जल गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया।

इस दौरान माताएँ भी बच्चों के साथ पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ शामिल रहीं। कहीं मां-बेटे पानी में खेलते नजर आए तो कहीं मां-बेटियां ट्रेन राइड और अन्य गतिविधियों का आनंद लेती दिखीं। पूरे पार्क में हंसी, उत्साह और पारिवारिक स्नेह का खूबसूरत माहौल देखने को मिला।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर की प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा ने कहा कि माताएँ बच्चों के जीवन की पहली शिक्षक होती हैं और उनके सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों एवं अभिभावकों के रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं। साथ ही कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।


कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इसे मातृ दिवस का सबसे खूबसूरत और यादगार उपहार बताया। यह आयोजन बच्चों और उनकी माताओं के लिए लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव बन गया।
