नैमिषारण्य में पुलिसकर्मी दंपति के घर लाखों की चोरी, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

सीतापुर: जनपद के नैमिषारण्य क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने पुलिस विभाग में तैनात दंपति के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली नैमिषारण्य क्षेत्र में 112 सेवा में तैनात आरक्षी वीरेंद्र वर्मा अपनी पत्नी नीरज कुमारी के साथ किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार को वीरेंद्र वर्मा ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी घर पर ही मौजूद थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और करीब ₹8000 नकद, सोने की अंगूठी, ईयरिंग, चांदी की बिछिया व पायल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित दंपति ने कोतवाली नैमिषारण्य में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। एक पुलिसकर्मी के घर चोरी होने के बावजूद कार्रवाई में सुस्ती को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नैमिषारण्य क्षेत्र में चोरी, चेन स्नेचिंग और मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरे निष्क्रिय पड़े हैं और पुलिस पिकेट की तैनाती भी प्रभावी नहीं है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

पीड़ित आरक्षी वीरेंद्र वर्मा का कहना है कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं किया गया, तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। इस घटना से दंपति मानसिक रूप से काफी आहत हैं और उनकी वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति एक झटके में चोरी हो गई।

(रिपोर्ट: मनीष यादव)

Leave a comment