उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ़ जर्नलिस्ट (उपज) का पर्यटक आवास गृह होटल राही में प्रादेशिक अधिवेशन
मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ़ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रादेशिक अधिवेशन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों से राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया।
दिल्ली रोड स्थित पर्यटक आवास गृह होटल राही में आयोजित अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए श्री गंगवार ने कहा कि रुहेलखंड के पत्रकारों ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज डिजिटल मीडिया के दौर में मीडिया की यही मूल भावना प्रासंगिक है । पत्रकारों की समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। इस बदलते युग में आप इस तरह की पत्रकारिता करें जो जनसरोकारों से जुड़ी हुई हो और लोग आपको लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं की चर्चा करते हुए कहा जब मैं श्रम मंत्री था तब मैंने पत्रकारो के हित से जुड़े कई काम किए थे।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह ने कहा पत्रकारिता केवल प्रोफेशन नहीं है यह मिशन है, एक साधना है और सबसे बढ़कर यह समाज के प्रति एक नैतिक उत्तरदायित्व है। कलम की शक्ति तलवार से अधिक इसलिए मानी गई क्योंकि वह विचारों को गढ़ती है, जनमत को आकार देती है और व्यवस्था को आइना दिखाती है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व कुलपति एवं नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा ने कहा कि पत्रकारों का यह अधिवेशन संवाद, समन्वय और सामूहिक चिन्तन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने आह्वान किया वर्तमान विषम परिस्थितियों में पत्रकारों का दायित्व है कि वे राष्ट्र हित में राष्ट्र निर्माण में अपनी लेखनी के माध्यम से योगदान दें ।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ ने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी निष्पक्ष कलम केवल खबर नहीं लिखती, समाज की चेतना लिखती है।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इण्डिया) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने संस्था द्वारा पत्रकारों के हित में किये गए कार्यों का उल्लेख किया।
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने स्वागत भाषण में मंचासीन अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।
राष्ट्र गान और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से आरम्भ अधिवेशन का संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने किया। आभार उपज के जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया।
प्रदेश महामंत्री आनन्द कर्ण, जिला महामंत्री कुमार देव, डॉ मनोज रस्तोगी, अभिषेक भारद्वाज, वीरभान सिंह,सुशील कुमार शर्मा, अभिव्यक्ति सिन्हा , कृति पांचाल विश्वकर्मा ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया ।
उद्घाटन समारोह के पश्चात आम सभा की बैठक तथा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई। इन बैठकों में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रमुख मुद्दों में पत्रकार पेंशन, आयुष्मान चिकित्सा कार्ड की विसंगतियां, रेल यात्रा रियायत बहाल कराना, आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था, प्रेस मान्यता समिति का गठन, रोडवेज में सहवर्ती की निशुल्क यात्रा, पत्रकार सुरक्षा, छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन की सुविधा शामिल हैं।।
