सिधौली में ‘किंग अस्पताल’ सील: प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत, लापरवाही के आरोपों पर बवाल

सीतापुर। जनपद के सिधौली क्षेत्र में स्थित ‘किंग अस्पताल’ में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

घटना सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर स्थित निजी ‘किंग अस्पताल’ की है, जहां महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर सही उपचार न मिलने के कारण उसकी जान चली गई।

सूचना मिलते ही SDM राखी वर्मा और CHC अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की, जिसमें कई खामियां सामने आईं।

जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए ‘किंग अस्पताल’ को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पर्याप्त सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जो मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment