बच्चों का तिलक लगा कर हुआ स्वागत, की गई पुष्प वर्षा

नए सत्र के शुभारंभ पर कोटा ग्लोबल स्कूल में उत्सव का माहौल

लखनऊ/नंदगंज। नए शैक्षणिक सत्र 2026 के पहले दिन द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी गांव में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर पूरी तरह से सजा-धजा नजर आया, जहां नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। स्कूल स्टाफ ने बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।सुबह से ही विद्यालय परिसर में चहल-पहल बनी रही। छोटे-छोटे बच्चे अपने अभिभावकों के साथ नए सत्र की शुरुआत करने पहुंचे।

इस दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वागत को यादगार बनाने के लिए आकर्षक सजावट, स्वागत गीत और विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों में भी उत्साह और संतोष का माहौल दिखाई दिया।

विद्यालय की प्रिंसिपल पूनीता सिंह ने बताया कि नए सत्र का पहला दिन हर विद्यार्थी के जीवन में नई ऊर्जा और नए संकल्प लेकर आता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना है। आधुनिक शिक्षा पद्धति, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के माध्यम से बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि द कोटा ग्लोबल स्कूल ने मात्र चार वर्षों के भीतर ही गाजीपुर जनपद में अपनी एक अलग पहचान स्थापित कर ली है। विद्यालय लगातार बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है, साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल और ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी छात्रों को बेहतर ढंग से कराई जा रही है।

विद्यालय द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शहरों जैसी सुविधाएं, आधुनिक कक्षाएं, अनुभवी शिक्षक और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। यही कारण है कि क्षेत्र के अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस विद्यालय पर भरोसा जता रहे हैं।

नए सत्र की इस शुभ शुरुआत ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।

Leave a comment