समाधान दिवस में भी कार्रवाई नहीं, केवल खानापूर्ति बना थाना समाधान दिवस प्रार्थना पत्र देने के दो दिन बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, दबंग कर रहे मनमानी
सीतापुर (मछरेहटा): जनपद के थाना मछरेहटा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढहरऊ (तहसील मिश्रित) में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक गरीब किसान की मेहनत पर ट्रैक्टर चला दिया। पीड़ित किसान मोनू सिंह पुत्र रघुराज सिंह का आरोप है कि विपक्षी प्रभाती लाल पुत्र छोटकन्न एवं राम अवध पुत्र रामेश्वर ने उनकी गन्ने की खड़ी फसल को जबरन जोत कर नष्ट कर दिया।समाधान दिवस बना महज खानापूर्ति, हैरानी की बात यह है कि पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से की है। हाल ही में आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ में भी गुहार लगाई गई, लेकिन नतीजा शून्य रहा। पीड़ित का कहना है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है और न ही दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालस्थानीय पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित किसान का आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबंगों को संरक्षण दे रही है और विपक्षी दल से साठगांठ के चलते मामले को ठंडे बस्ते में डाल रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो पुलिस की यह लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी या हिंसक घटना को जन्म दे सकती है।
न्याय की आस में किसान दबंगों द्वारा फसल बर्बाद किए जाने से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित मोनू सिंह का कहना है कि वह न्याय के लिए हर चौखट पर दस्तक दे चुका है, लेकिन आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। अब देखना यह है कि उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद क्या मछरेहटा पुलिस दोषियों पर लगाम कसेगी या किसान को यूं ही न्याय के लिए भटकना पड़ेगा।
