छात्रों के मध्य कक्षा 6 ,9 एवं 11 में प्रवेश पाने की प्रतिस्पर्धा
लखनऊ/सुल्तानपुर। जनपद मुख्यालय पर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानन्द नगर ज्ञान कुंज सुल्तानपुर में सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु कक्षा 6 , 9 और 11 में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। प्रवेश परीक्षा में केवल सुलतानपुर ही नहीं अपितु, आस-पास के कई जनपदों के छात्रों ने भी भागीदारी की। पूर्व में निर्धारित समय प्रातः 10 बजे से दो घंटे पूर्व ही विद्यालय की ओर आने वाले मार्गों पर छात्रो का हुजूम उमड़ने लगा। प्रवेश द्वार खुलते ही छात्रों एवं अभिभावकों की भीड़ अथाह सागर की लहरों की भांति उमड़ पड़ी।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह संगठन मंत्री डॉ राममनोहर जी,बाल कल्याण समिति सुल्तानपुर अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग के सदस्य डॉ विनोद कुमार सिंह, अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल , मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर विद्यालय प्रबंधक डाक्टर पवन कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रवेश परीक्षा देने आए छात्रों एवं उनके अभिभावकों की अगवानी की गई।शंखध्वनि एवं मंत्रोच्चार के साथ पुष्प वर्षा कर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। हाथों में पुष्पों से भरी थाली लेकर पंक्ति बद्ध खड़े आचार्य बन्धु भगिनी छात्रों का स्वागत करने में तत्पर दिखाई दिए , मानों भक्त भगवान की आराधना में तल्लीन हो।अपने पाल्य के साथ परीक्षा दिलाने आए हुए अभिभावक इस अपार स्वागत से भावाभिभूत दिखाई दिए। क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ राममनोहर जी ने कहा कि संयोगवश यह नवरात्र काल की पावन बेला है और सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर पर विद्या की देवी मां सरस्वती साक्षात् कृपा वर्षा कर रही हैं। समाज में विद्या भारती के विद्यालयों की संस्कार एवं संस्कृति से जुड़ी व्यवस्था में पूर्ण आस्था है।प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी जी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा निष्पक्ष एवं शुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न हो ,इसके लिए सारी व्यवस्था चाक चौबंद है। छात्रों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो,इस बात का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इस बार की परीक्षा में अन्य वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में छात्र भाग ले रहे हैं। यह विद्यालय की समाज में निरंतर बढ़ रही लोकप्रियता का प्रमाण है। अत्याधुनिक आवासीय विद्यालय की सुविधा एवं उत्तम शैक्षिक परिवेश प्रदान करने से समाज में विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अधिकारियों द्वारा प्रवेश परीक्षा का निरीक्षण भी किया गया।विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य रमेश मिश्र एवं वरिष्ठ आचार्या श्रीमती रंजना पाण्डेय के नेतृत्व में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रवेश परीक्षा में परीक्षा प्रभारी राकेश सिंह , गिरीश दूबे , अनिल कुमार पाण्डेय,शरद श्रीवास्तव,सरिता त्रिपाठी, द्वारिका नाथ पाण्डेय, शिवजी राय,कौशलेन्द्र त्रिपाठी प्रतिभा मिश्रा, श्रद्धा सिंह,सुधा सिंह और शशी द्विवेदी सहित सभी आचार्य बन्धु भगिनी ने अपना अप्रतिम सहयोग प्रदान किया।
