कुर्सी रोड महायोजना ने बढ़ायी हजारों लोगों की धड़कनें, प्रभावितों की बैठक आज

पीडब्लूडी मानकों की अनुरूप हो कुर्सी रोड के चौड़ीकरण-ऋषि त्रिवेदी

लखनऊ। कुर्सी रोड महायोजना 2031 को लेकर हजारों लोगों की बढ़ी चिन्ताओं के बीच अखण्ड आर्यावर्त त्रिदंडी महासभा ने पीडब्लूडी मानकों के अनुरूप कुर्सी रोड के चौड़ीकरण की मांग की है। वहीं दूसरी ओर कल 23 मार्च को प्रातः 11 बजे प्रभावित व्यापारियों की बैठक बसहा, कुर्सी रोड स्थित आराधना इन होटल में बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें संयुक्त उद्योग व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी पाण्डेय, आराधना कुमारी, चन्द्रमौलि शुक्ला सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहेगें। इससे पहले आज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि यदि कुर्सी रोड महायोजना 2031 के लागू होने से दर्जनों धार्मिक स्थलों सहित शैक्षिक, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आवासों पर न सिर्फ तोड़ दिये जायेगें बल्कि कारोबार प्रभावित होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। ऐसे में कम से कम लोग प्रभावित हो इसलिये कुर्सी रोड महायोजना 2031 के बजाय पीडब्लूडी मानकों के अनुरूप कुर्सी रोड का चौड़ीकरण किया जाये।

मालूम हो कि महायोजना के अन्तर्गत टेढ़ी पुलिया चौराहे से कुर्सी रोड को कही 45 मीटर, 60 मीटर, 100 मीटर और 150 मीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव है, जिसके लागू होने से हजारों लोग प्रभावित होंगे। श्री त्रिवेदी ने भेजे गये पत्र में कहा है कि कुर्सी रोड के चौड़ीकरण की जरूरत को देखते हुये पीडब्लूडी मानकों के अनुरूप 60 फिट तक रोड को चौड़ीकरण किया जाता है तो इससे कम से कम लोग प्रभावित होंगे। विदित हो कि सरकार कुर्सी रोड के चौड़ीकरण को लेकर कार्यवाही शुरू कर चुकी है और बीते 16 मार्च को इस महायोजना को क्रियान्वयन को लेकर बनायी गयी समिति की बैठक लखनऊ विकास प्राधिकरण में आयोजित की गयी थी।

Leave a comment