लखनऊ में ईद की नमाज में एक साथ दिखे अखिलेश यादव, अजय राय, दिनेश शर्मा, रीता बहुगुणा जोशी

ऐशबाग ईदगाह पर 50-60 हजार लोगों ने अदा की नमाज, चप्पे चप्पे पर तैनात रही पुलिस, बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने किया था रास्ता तैयार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ईद का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।हाई अलर्ट के बीच अलग-अलग समय पर ईद की नमाज अदा की गई।ऐशबाग ईदगाह पर सुबह से ही नमाजियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा,यहां 50 से 60 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी।प्रशासन और मुस्लिम धर्मगुरुओं के सहयोग से ईद का त्यौहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

ईद के मौके पर ईदगाह में पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, भारतीय जनता पार्टी से राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी समेत कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

इससे पहले शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाने का ऐलान किया गया था। 29 रमजान को चांद नजर नहीं आने के कारण 30 रमजान को इसकी तस्दीक की गई।

धर्मगुरुओ ने दूरबीन की मदद से चांद देखने के बाद में ईद मनाने की घोषणा की। इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने नमाजियों से अपील की कि वे सड़कों पर नमाज अदा न करें और प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।नमाज के दौरान ऐशबाग ईदगाह में दरी बिछाकर लंबी कतारें लगीं।भीड़ अधिक होने से कई नमाजी गलियारों और आसपास के स्थानों पर खड़े होकर नमाज पढ़ते नजर आए। पुराने लखनऊ क्षेत्र को विशेष रूप से हाई अलर्ट पर रखा गया था।ईद का त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए थे। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसी कैमरों से निगरानी की जा रही थी।इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी गई। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 27 मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया था।

Leave a comment