ईद-उल-फितर: गोला तहसील में श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनी ईद, बरकाती मस्जिद में अदा हुई मुख्य नमाज़

अजान-खीरी। धर्म और सौहार्द का प्रतीक ईद-उल-फितर का पावन पर्व शनिवार को तहसील गोला क्षेत्र में पूरे श्रद्धाभाव और धूमधाम से मनाया गया। नगर और ग्रामीण अंचलों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का तांता लगा रहा, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी।

अजान कस्बे में बरकाती मस्जिद में सबसे बड़ी ईद की नमाज अदा की गई। यहां पेश इमाम मौलाना तौकीर रजा ने ईद की नमाज पढ़ाई। इस मौके पर उन्होंने ईद-उल-फितर के महत्व और इसकी पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया। नमाज के बाद, लोगों ने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी।

गोला के ईदगाह, जामा मस्जिद चादामऊ, अजान, हैदराबाद, अल्लीपुर , नयागांव, अहमदनगर, गनेशपुर और ममरी सहित क्षेत्र की तमाम अन्य मस्जिदों में भी मौलानाओं ने ईद की नमाज अदा कराई। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे के साथ मिलकर पर्व की खुशियां बांटीं।ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखी गई। नए-नए कपड़ों में सजे-धजे बच्चे अपनी उम्र के दोस्तों और रिश्तेदारों से गले मिलकर ईद मुबारक कह रहे थे। उनकी खुशी देखते ही बन रही थी।

ईद के पवित्र मौके पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सभी मस्जिदों और ईदगाहों के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई थी। इस अवसर पर हैदराबाद थाना प्रभारी सुनील मलिक और अजान चौकी प्रभारी अशोक सिंह सहित पुलिस के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह, ईद-उल-फितर का यह पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

Leave a comment