सीतापुर में अनोखा संवाद: “नैमिष संगम कैफे” में छात्रों ने एसपी से पूछे AI और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल

सीतापुर। जिले में युवाओं को साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित “नैमिष संगम कैफे” में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक Ankur Agarwal ने विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद कर उन्हें साइबर सुरक्षा और नई तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में जनपद के करीब 12 विद्यालयों से लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, एथिकल हैकिंग और डिजिटल दुनिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल एसपी से पूछे।

एसपी अंकुर अग्रवाल ने सरल और रोचक भाषा में इन विषयों को समझाते हुए छात्रों को बताया कि आज के समय में इंटरनेट और तकनीक का सही उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को ऑनलाइन फ्रॉड, फेक लिंक, सोशल मीडिया स्कैम और साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी बताए।

संवाद के दौरान छात्रों ने तकनीक के तेजी से बढ़ते प्रभाव और भविष्य में इसके उपयोग को लेकर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। एसपी ने सभी सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए कहा कि नई तकनीकें अवसर भी देती हैं और चुनौतियां भी, इसलिए जागरूकता और सावधानी दोनों जरूरी हैं।

इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स के प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग सिखाना और तकनीक के सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करना था।

Leave a comment