होली-रमजान को लेकर सीतापुर में हाई अलर्ट, आईजी किरण एस और डीएम डॉ. राजागणपति आर ने कजियारा में किया रूट मार्च, शांति-सौहार्द की अपील

सीतापुर। आगामी होली, रमजान माह एवं ईद पर्व को सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सीतापुर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ किरण एस एवं जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मोहल्ला कजियारा में पुलिस बल के साथ संयुक्त रूट मार्च किया गया।रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे, परस्पर सम्मान और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और नागरिकों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a comment