रजिस्ट्रार-11 ने डीपीएस को 7 विकेट से रौंदा, अंकुल वर्मा की विस्फोटक पारी से फाइनल में धमाका

सीतापुर। सीतापुर शिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित इंट्राम्यूरल क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन 26 फरवरी को संस्थान के क्रिकेट मैदान पर हुआ। 24 से 26 फरवरी तक चले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रजिस्ट्रार-11 ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर (डीपीएस) को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

डीपीएस की धीमी शुरुआत, 73 रन पर सिमटी पारी

फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीपीएस की टीम 10 ओवर में 7 विकेट खोकर महज 73 रन ही बना सकी। टीम की ओर से हर्ष उपाध्याय ने शानदार 45 रनों की पारी खेलकर सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिल पाने के कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

फाइनल मैंच का आंनद लेती हुयी मुख्य अतिथि गण

अंकुल वर्मा की तूफानी शुरुआत ने बदला मैच का रुख

74 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजिस्ट्रार-11 की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओपनर अंकुल वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपनी मंशा साफ कर दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने डीपीएस के गेंदबाजों की रणनीति ध्वस्त कर दी।

अंकुल वर्मा ने 4 छक्कों की मदद से 23 रन बनाए, जबकि राजीव कुमार (22 रन) और साजिद (20 रन) ने भी अहम योगदान दिया। रजिस्ट्रार-11 ने मात्र 7 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और एकतरफा अंदाज में फाइनल मुकाबला जीत लिया।

गेंदबाजी में डीपीएस रही बेअसर

डीपीएस की ओर से सलमान सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने अपने 3 ओवर में 43 रन खर्च कर दिए, जिससे रजिस्ट्रार-11 की जीत और भी आसान हो गई।

जीत के बाद जश्न का माहौल

फाइनल में शानदार जीत के बाद रजिस्ट्रार-11 के खिलाड़ियों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। मैदान पर खिलाड़ियों की खुशी और समर्थकों का उत्साह देखने लायक था।

इस टूर्नामेंट ने छात्रों में खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धा की भावना को नई ऊर्जा दी। फाइनल मुकाबले की यह जीत रजिस्ट्रार-11 के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगी।

Leave a comment