सिंगापुर में बोले सीएम योगी: यूपी में ना कर्फ्यू, ना दंगा—अब सब चंगा; ब्रह्मोस मिसाइल की जमकर की तारीफ

लखनऊ/सिंगापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों **सिंगापुर** दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन सोमवार को उन्होंने सिंगापुर में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि मातृभूमि से इतनी दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीयों का भारत के प्रति स्नेह और योगदान की भावना देश के विकास के लिए नया उत्साह पैदा करती है।

नया भारत विश्व को अपनी शक्ति दिखा रहा है

सीएम योगी ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को नए भारत पर गर्व होना चाहिए। नया भारत विश्व पटल पर अपनी शक्ति और क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है और आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

ब्रह्मोस मिसाइल ने अच्छे-अच्छों को कंपा दिया

मुख्यमंत्री ने ब्रह्मोस मिसाइल की सराहना करते हुए कहा कि इसने दुनिया भर में भारत की सैन्य क्षमता का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल का उपयोग हुआ, जिसने भारत की रक्षा तकनीक की ताकत को साबित किया।

अब दंगों वाला यूपी नहीं

सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है और न ही दंगे—अब “सब चंगा” है। उन्होंने बताया कि नौ साल पहले प्रदेश अराजकता, दंगों और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन बीते वर्षों में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और विरासत का शानदार संगम प्रस्तुत किया है।

भारत हर क्षेत्र में छू रहा नई ऊंचाइयां

सीएम योगी ने कहा कि आज भारत डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि राजधानी दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस मंच से विश्व नेताओं ने भारत के डिजिटल विजन और वैश्विक कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की यह प्रगति पूरे विश्व के लिए प्रेरणा बन रही है और आने वाले वर्षों में देश और भी सशक्त होकर उभरेगा।

Leave a comment