सीतापुर की सातों तहसीलों में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, 297 शिकायतें दर्ज, 40 का मौके पर निस्तारण

सीतापुर। जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को सीतापुर जनपद की सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील महोली में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से की।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय से लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी महोली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आंकड़ों पर नजर डालें तो तहसील महोली में कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील बिसवां में 13 में से 4, मिश्रिख में 26 में से 3, सिधौली में 94 में से 12, महमूदाबाद में 20 में से 3, सदर में 30 में से 4 तथा लहरपुर में 31 में से 7 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।

शेष लंबित शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को पृष्ठांकित करते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a comment