डायरिया से डर नहीं अभियान: सीतापुर के स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता व नुक्कड़ नाटक से बच्चों को किया गया जागरूक

सीतापुर। डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद सीतापुर में स्वास्थ्य विभाग, पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केन्वयू के सहयोग से बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन, नगर क्षेत्र सीतापुर में डायरिया के प्रति जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, रोल-प्ले, पोस्टर प्रतियोगिता और लेखन के माध्यम से डायरिया से बचाव के संदेश दिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. दीपेन्द्र वर्मा ने डायरिया के लक्षण, कारण और रोकथाम की जानकारी देते हुए बताया कि दिन में तीन या उससे अधिक बार पतला या पानी जैसा मल त्याग होना डायरिया का संकेत है, जो बैक्टीरिया, वायरस या अमीबा से फैल सकता है। अर्बन चिकित्सक डॉ. शानू कुमार वर्मा ने बच्चों को स्वच्छता और सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने डायरिया की रोकथाम के लिए हाथ साबुन से धोना, खुले में शौच न करना, भोजन ढककर रखना, पीने के पानी को स्वच्छ रखना, जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा टीकाकरण—विशेषकर रोटा वायरस वैक्सीन और विटामिन-ए—को अनिवार्य बताया।

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राज कुमार ने ओआरएस और जिंक के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में नुक्कड़ नाटक और पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में 75 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा 6 के मनु ने प्रथम, कक्षा 7 की रिया ने द्वितीय और कक्षा 8 की राधिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 12 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ऋषिकेश सिंह, प्रधानाचार्य श्रीमती किरन मिश्रा, आरकेएसके कोऑर्डिनेटर शिवाकान्त, क्षेत्रीय आशा सविता दुबे व प्रीती अवस्थी तथा पीएसआई इंडिया से कमलेश कुमार और अश्वनी कुमार मिश्रा सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a comment