सीतापुर के ऐतिहासिक कस्बे खैराबाद में एक बार फिर प्रशासन का सख्त अवतार देखने को मिला। अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आज सुबह ही भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर खैराबाद की सड़कों पर उतरा। सीतापुर की ओर से खैराबाद में प्रवेश करते ही पहले चौराहे से लेकर कस्बे के मुख्य मार्ग के दोनों ओर अवैध रूप से रखे गए गुमटियों (खोखे), कच्ची दुकानों और पक्के टाइल्स के चबूतरों को जमींदोज कर दिया गया।
प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के व्यापारियों और अवैध कब्जाधारकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि खैराबाद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह अभियान पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। इससे पूर्व बीते कल भी लहरपुर रोड पर स्थित डी.जे. कॉलेज के पास बुलडोजर ने अपना दम दिखाया था, जहाँ सड़क किनारे अवैध रूप से तान दी गई दुकानों और पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया था। प्रशासन की इस दोतरफा कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि कस्बे की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए किसी भी तरह का दबाव काम नहीं आने वाला है।
सख्ती के बीच जनता का जमावड़ा
दहशत में अतिक्रमणकारी, पहले चौराहे के पास जैसे ही बुलडोजर ने खोखे हटाना शुरू किया, कस्बे के अंदरूनी हिस्सों में भी लोग खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए। लंबे समय से सड़क पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों के हटने से राहगीरों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन की चेतावनी
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि यदि दोबारा सड़कों पर अतिक्रमण करने की कोशिश की गई, तो न केवल सामान जब्त होगा बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। आज की इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोग और पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे विरोध की कोई भी गुंजाइश नहीं बन सकी।
