महॊबा में जल जीवन मिशन पर सवाल: पहली बार भरते ही फट गई पानी की टंकी, हड़कंप

महोबा | यूपी: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से जल जीवन मिशन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। जैतपुर ब्लॉक अंतर्गत नगारा डांग गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पहली बार पूरी तरह भरे जाने पर ही दरक गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टंकी में पानी भरते ही तेज आवाज के साथ उसकी दीवारों में दरारें आ गईं, जिससे पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।मामले पर मोइनुल इस्लाम, अपर जिलाधिकारी (एडीएम) ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ओवरफ्लो को दरार का कारण बताया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तकनीकी टीम से विस्तृत जांच कराई जा रही है और दोष पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

घटना ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मजबूत निर्माण किया गया होता तो यह हादसा टल सकता था। अब सबकी नजरें प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a comment