सीतापुर, जनपद में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० ने शुक्रवार को तहसील लहरपुर क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन क्षेत्राधिकारी लहरपुर कार्यालय तथा पुलिस कर्मियों के आवासीय भवनों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी मानकों के अनुपालन और प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य स्वीकृत मानकों और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही कराए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि रखी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि भवनों का उपयोग शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके और पुलिस प्रशासन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान परिसर में निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और सेफ्टी टैंक आदि कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।जिलाधिकारी के निरीक्षण से निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट दिखाई दी।
