अयोध्या: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर मुहावरा बाजार स्थित उनकी प्रतिमा पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री पवन पांडे रहे, जबकि आयोजन स्थानीय पार्षद मिथिलेश यादव ‘सोनू’ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पवन पांडे ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए कहा, “बाबा तेरा मिशन अधूरा, अखिलेश यादव करेंगे पूरा।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर संविधान में बदलाव नहीं होने देगी। साथ ही उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अंबेडकर के नाम पर राजनीति करती है और गरीब, ओबीसी व जरूरतमंदों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2027 में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी और डॉ. अंबेडकर के मिशन को पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम के आयोजक पार्षद मिथिलेश यादव ‘सोनू’ ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि सभी को अंबेडकर जी के बताए मार्ग पर चलकर गरीबों व जरूरतमंदों की सेवा करनी चाहिए तथा संविधान की रक्षा करनी चाहिए। पार्षद लुल्लूर यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान का निर्माण कर समाज के हर वर्ग को सम्मानजनक स्थान दिलाया और दलित, पिछड़े व वंचित समाज को उनका अधिकार दिलाया।इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेता घनश्याम यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
