जहांगीराबाद/सीतापुर। जिले के जहांगीराबाद-बिसवां मार्ग स्थित धामी सरांय मोड़ पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूसी से लदा एक अनियंत्रित ट्रक (डंपर) अचानक पलटकर सड़क पर चल रहे कई वाहनों पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की चपेट में दो छोटे हाथी वाहन, एक बैटरी रिक्शा समेत अन्य वाहन आ गए, जिनमें सवार कई लोग दब गए।
घटना में मौके पर ही ट्रक चालक सहित दो अन्य की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोगों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है, हालांकि मौके पर केवल एक जेसीबी होने के कारण राहत कार्य में देरी हुई।
घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अतिरिक्त राहत संसाधन भेजे जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन हादसे की गंभीरता को देखते हुए हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
