लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कई अहम निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी पुलिस में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और प्रदेश को एक आधुनिक, सशक्त और ऊर्जावान पुलिस बल मिलेगा।सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में मेरिट और आरक्षण नियमों का पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ पालन किया जाए।पीआरवी-112 सेवा को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा लगभग 6 मिनट के औसत रिस्पॉन्स टाइम को और कम किया जाए। इसके लिए पीआरवी वाहनों की रणनीतिक तैनाती और निरंतर मूवमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हो।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण स्थलों पर लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण, ‘एक तहसील-एक फायर टेंडर’ योजना के क्रियान्वयन, सभी तहसीलों में फायर स्टेशन स्थापना और अग्निशमन सेवाओं को हाईटेक बनाने पर भी जोर दिया।
साथ ही कारागारों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी, पुलिस रेडियो में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने और 7,500 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
