मदरसा बहरुल उलूम में वितरित किया गया परीक्षाफल
कमलापुर, सीतापुर। कस्बा कमालपुर स्थित मदरसा बहरुल उलूम में बुधवार को सभी छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस बार सौ प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सभी बच्चों को अंकपत्र का वितरण क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों के द्वारा किया गया। बच्चों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय वरीयता के आधार पर पुरस्कार दिए गए। साथ ही, अनुशासन व स्वच्छता के लिए 10 बच्चों को मेडल व कक्षा में उपस्थिति के लिए तीन बच्चों को सर्टिफिकेट दिया गया।
इस मौके पर मदरसा के प्रधानाध्यापक मौलाना मो. असलम कासमी ने अंतिम वर्ष की छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मदरसों की शिक्षा का असल मकसद बच्चों को एक बेहतर इंसान बनाना है। मदरसों में शिक्षा पाए बच्चे जिस भी फील्ड में जाएंगे, वहां नैतिकता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। इस दौरान मौलाना सुफियान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कारी सुफियान, गोकर्ण नाथ मिश्र, आजाद टेलर, डॉ असलम, रियाज शेख, हाफिज सादिक हुसैन, मास्टर शफीक अहमद, इम्तियाज़ अहमद, हाजी हनीफ, हाफिज दिलदार, रजी अहमद, अलीमू व मो. उमर समेत मदरसा का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
