ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अग्निवीर इंद्रजीत गुप्ता, पूरे सीतापुर में शोक की लहर

सीतापुर। जिले के पकरिया झरेखापुर गांव के निवासी अग्निवीर सैनिक इंद्रजीत गुप्ता जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। वीर जवान के शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी।रविवार, 29 मार्च को शहीद इंद्रजीत गुप्ता का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पकरिया लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने के लिए आतुर नजर आया।

इस दौरान भारतीय सेना के जवान भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम सलामी दी गई। गगनभेदी नारों और देशभक्ति के माहौल के बीच वीर जवान को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के समय परिवार के सदस्यों ने “शौर्यम् दक्षे युद्धम्, बलिदान परमो धर्म:” का उद्घोष करते हुए नम आंखों से अपने लाल को विदा किया। इस भावुक क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया।

शहीद इंद्रजीत गुप्ता की वीरता और बलिदान को क्षेत्र हमेशा याद रखेगा। उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Leave a comment