शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प, सीतापुर में गूंजे “इंकलाबी नारे”

सीतापुर। शहीद दिवस के अवसर पर समता युवा मंच, उत्तर प्रदेश द्वारा “शहीदों का सपना — जागरूक युवा” विषय पर युवा सम्मेलन एवं संकल्प रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान ऋचा सिंह, मुकेश भार्गव, राम बेटी, प्रकाश सहित अन्य साथियों की उपस्थिति रही। इसके पश्चात रामजीवन एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत जनगीतों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। संगठन द्वारा विगत एक वर्ष के कार्यों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।

मुख्य वक्ता के रूप में जेएनयू के शोधार्थी अमितांशु ने अपने संबोधन में भगत सिंह के विचारों और उनके सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगत सिंह एक विचारधारा हैं, जो युवाओं को अन्याय और भेदभाव के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती है। वक्ता मुकेश भार्गव ने युवाओं से शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने तथा नशा, बेरोजगारी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सम्मेलन के उपरांत निकाली गई संकल्प रैली में युवाओं ने इंकलाबी नारों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों को याद किया। रैली के समापन पर युवाओं ने नशामुक्त समाज, सामाजिक समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में रामजीवन, रोहित, शिवम, अक्षय, लक्ष्मी, शाकरुन, नीतू, शालिनी, वंदना, रामकिशोर, सुरेन्द्र, विनोद, सुभाष एवं प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a comment