पत्रावलियों में त्रुटियां मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश, रिकॉर्ड व्यवस्था और प्रमाण-पत्र जारी करने में लापरवाही पर जताई नाराजगी
सीतापुर।जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को आदर्श नगर पंचायत तंबौर अहमदाबाद के कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर के वार्डों की संख्या और जनसंख्या की जानकारी अधिशासी अधिकारी से प्राप्त की तथा विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने वर्कऑर्डर के अनुरूप कार्य न होने पर अधिशासी अधिकारी पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जेई लघु सिंचाई और पटल सहायक से संबंधित करीब 27 लाख रुपये की पत्रावलियों, आरसीसी और गौशाला निर्माण से जुड़ी फाइलों की जांच की। इनमें त्रुटियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय में उपलब्ध वाहनों की संख्या और उनकी लॉकबुक की भी जानकारी ली। कार्यालय में लॉकबुक न होने, ईंधन रजिस्टर में अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर न होने तथा रिकॉर्ड के रख-रखाव में कमियां पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई।
जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समय से प्रमाण-पत्र जारी न होने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि कोई भी प्रमाण-पत्र अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने दाखिल-खारिज से संबंधित पत्रावलियों का भी अवलोकन किया।इसके साथ ही डीएम ने पानी की टंकी की नियमित साफ-सफाई कराने तथा इसके लिए अलग से रजिस्टर बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर पंचायत कार्यालय में बड़ी संख्या में कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
