इनरव्हील क्लब ऑफ सीतापुर ने नशा मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता पर आयोजित किया विशेष कार्यक्रम
सीतापुर।इनरव्हील क्लब ऑफ सीतापुर की ओर से नशा मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और आम नागरिकों को तंबाकू, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और उनसे दूर रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नार्कोटिक्स विशेषज्ञ एवं डीएम मनोचिकित्सक डॉ. जिलानी ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है, जिसका असर खासतौर पर युवाओं पर तेजी से दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी-छोटी आदतों से होती है, जो धीरे-धीरे गंभीर लत में बदल जाती है।
डॉ. जिलानी ने बताया कि तंबाकू, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी मानसिक समस्याओं को भी बढ़ावा देते हैं। कई लोग फैशन या उत्सुकता के कारण नशे की ओर आकर्षित होते हैं, लेकिन समय के साथ यह एक खतरनाक लत बन जाती है। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे के आदी हो चुके हैं, उन्हें सही परामर्श और चिकित्सकीय मार्गदर्शन के माध्यम से इस आदत से बाहर निकाला जा सकता है।
उन्होंने समाज में बढ़ रही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ, विशेषकर 50 वर्ष के बाद, एंग्जायटी की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को डर और चिंता के बीच अंतर समझना चाहिए तथा नियमित व्यायाम और संतुलित दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर ध्यान देना चाहिए।इस दौरान डॉ. जिलानी ने अल्ज़ाइमर जैसी बीमारी के लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी।
कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष उर्वशी अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अंजू गुप्ता, सचिव सरिता अग्रवाल, नीरू अग्रवाल, इंदुरत्न, वर्षा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, प्रीति चनहा और प्रतिमा शाह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।यह कार्यक्रम सीतापुर मेडिकल हाल में आयोजित किया गया, जहां व्यवस्थाओं का संचालन बसंत गोयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
