मुठभेड़ में घायल आरोपी की वीडियो बनने के मामले में कार्रवाई, विभागीय जांच के भी आदेश
लखीमपुर खीरी। जिले में पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक दारोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार थाना सिंगाही क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ के दौरान घायल आरोपी की वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच कराई, जिसमें ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से एक दारोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
एसपी ख्याति गर्ग ने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई से विभाग में साफ संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
