बाबा सुंदर सिंह शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का किया समाधान!
बहराइच। जिले के ग्राम जगतापुर (ब्लॉक चित्तौरा, थाना कोतवाली देहात) में बाबा सुंदर सिंह शिक्षा समिति के तत्वावधान में नेशनल ट्रस्ट नई दिल्ली द्वारा एक दिवसीय “बढ़ते कदम जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों को नेशनल ट्रस्ट की योजनाओं, सरकारी सुविधाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।इस अवसर पर गांव के लोगों और दिव्यांग बच्चों के माता-पिता ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने नेशनल ट्रस्ट की विभिन्न योजनाओं, सरकारी सहायता कार्यक्रमों और दिव्यांगजनों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में शकुंतला राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय से आए विशेषज्ञों में डॉ. कौशलेंद्र कुमार, श्रीमती चयनिका, डॉ. संध्या सक्सेना और डॉ. रीता अवस्थी ने अभिभावकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस दौरान अनिल कुमार सिन्हा, अमिताशा सिन्हा, विजय बहादुर गुप्ता (कोऑर्डिनेटर), आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, बचपन डे केयर सेंटर का स्टाफ तथा ग्राम जगतापुर के जनप्रतिनिधि राजेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
