सीतापुर। जिले के लालबाग चौराहे पर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा उस समय सड़कों पर उतर आया, जब बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के अपमान को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी समाज में अशांति फैलाने का काम करती है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लालबाग चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून का सम्मान बनाए रखने के लिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
