स्वामी दयाल जूनियर हाई स्कूल के 6 छात्रों ने NMMS परीक्षा में मारी बाजी, ₹12,000 वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी

सीतापुर। जनपद के श्री स्वामी दयाल जूनियर हाई स्कूल, बेनीसराय के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा में विद्यालय के कक्षा 8 के आधा दर्जन से अधिक छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।इस उपलब्धि के तहत चयनित छात्रों को कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई जारी रखने के लिए सरकार की ओर से ₹12,000 प्रति वर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के 6 छात्रों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा को उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सफल छात्रों में सुमित, प्रगति वर्मा, सचिन, लक्ष्मी देवी, अंशिका और प्रज्ञा जायसवाल शामिल हैं। इन सभी छात्रों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने की योग्यता हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य डॉ. वर्मा ने सभी सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक पवन कुमार, रोहित वर्मा, राम रतन मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

Leave a comment