गोरखपुर। शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन तपोभूमि गोरखपुर के पाण्डेय हाता में आयोजित भव्य होली उत्सव का माहौल उस समय और भी उल्लासमय हो गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।‘श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति’ द्वारा निकाली गई भक्त प्रह्लाद जी की ऐतिहासिक शोभायात्रा में मुख्यमंत्री ने सहभागिता कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। दशकों से चली आ रही यह परंपरा सनातन आस्था, धर्म की विजय और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक मानी जाती है।शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित कलाकारों ने पौराणिक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। भक्त प्रह्लाद और होलिका दहन की झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पावन अवसर हमारी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व और विश्वास दोनों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को रंगोत्सव की हार्दिक बधाई देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।गौरतलब है कि पाण्डेय हाता की यह शोभायात्रा वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए सामाजिक समरसता और धार्मिक सौहार्द का संदेश देती आ रही है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
