पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज के आवास के निकट व्यापारी जमकर कर रहा कालाबाजारी
शाहजहांपुर। जनपद में गुटखा व पान मसाला की खुलेआम कालाबाजारी चल रही है। निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक दाम वसूलकर उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है। हालात यह हैं कि कमला पसंद के जिस पैकेट पर 154 रुपये मूल्य अंकित है, वही डिस्ट्रीब्यूटर 230 रुपये में थमा रहे हैं। वहीं पांच रुपये वाली पुड़िया 7 रुपये में बेची जा रही है, जबकि उस पर 4 रुपये एमआरपी दर्ज है। सूत्रों के मुताबिक किशोर पान मसाला के डिस्ट्रीब्यूटर भी जमकर मनमानी कर रहे हैं। बहादुरगंज, केरूगंज, लाल इमली चौराहा, दलेलगंज और पक्का पुल जैसे इलाकों में ओवररेट बिक्री धड़ल्ले से जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई।
बताया जा रहा है कि भारत सरकार के 2026 के बजट में पान मसाला पर 40 प्रतिशत टैक्स बढ़ाया गया है, जो मार्च से लागू होगा। इसके बावजूद व्यापारियों ने पहले से माल का स्टॉक खड़ा कर लिया और टैक्स लागू होने से पहले ही कीमतें बढ़ाकर कालाबाजारी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई, तो ओवररेट वसूली का यह खेल और बढ़ेगा। सवाल यह है कि खुलेआम हो रही कालाबाजारी पर जिम्मेदार अधिकारी कब कार्रवाई करेंगे।
