डीपीएस सीतापुर में रचनात्मकता का उत्सव: ‘क्राफ्टी क्रिएशन एवं फ्लॉवर सिम्फनी 2.0’ ने मोहा मन

सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में कला और सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब विद्यालय परिसर में कला प्रदर्शनी एवं पुष्प प्रदर्शनी ‘क्राफ्टी क्रिएशन एवं फ्लॉवर सिम्फनी 2.0’ का भव्य और सफल आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और परिश्रम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। छात्रों द्वारा निर्मित आकर्षक चित्रकृतियाँ, रचनात्मक हस्तशिल्प, विविध शैक्षिक मॉडल और मनोहारी पुष्प सज्जाएँ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” की अवधारणा ने सभी को प्रभावित किया। अनुपयोगी और त्यागी गई वस्तुओं से तैयार की गई सुंदर व उपयोगी सामग्री ने बच्चों की रचनात्मक सोच के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता को भी उजागर किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पीवीसी, डीपीएस सीतापुर एवं अध्यक्षा, सीतापुर शिक्षा संस्थान तनुश्री मेहरोत्रा द्वारा फीता काट कर किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शैक्षणिक विकास, बल्कि आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी नई दिशा देते हैं।

इस अवसर पर जनपद की प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कमल बैजल तथा डॉ. सुमन मेहरोत्रा (सचिव, सीतापुर शिक्षा संस्थान) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों, सीतापुर शिक्षा संस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. के. सिंह ने इस सफल आयोजन हेतु समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनात्मक सोच और कठोर परिश्रम का जीवंत प्रमाण है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक और रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

समग्र रूप से ‘क्राफ्टी क्रिएशन एवं फ्लॉवर सिम्फनी 2.0’ एक प्रेरणादायक, रंगीन और स्मरणीय आयोजन रहा, जिसने उपस्थित सभी जनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा से अभिभूत कर दिया। प्रदर्शनी को सफल बनाने में एच. एम. सविता सिंह सहित शिक्षिका आरज़ू हयात, शिल्पी सिन्हा, शागुन बाजपेयी, रचना सिंह, रेखा देवी, शिवानी, रेखा पांडे, आशा, हर्षिता एंव नेहा‌ सहित सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही। इस आयोजन ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को उजागर किया और उन्हें आत्मविश्वास प्रदान किया।

Leave a comment