सीतापुर| राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीतापुर के तत्वावधान में रविवार को नवीन गल्ला मंडी, सीतापुर में वृहद विधिक साक्षरता एवं सहायता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष जैन रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही उन्हें लाभान्वित भी किया गया।शिविर में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं टूलकिट का वितरण किया गया।

दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया। वहीं, जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विधिक जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को कानून के प्रति जागरूक किया।खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के पांच होनहार खिलाड़ियों—तनिष्का पाल, नूह फातिमा, कामनी राजपूत, आरिका आज़ाद और नीरज राज—को मंच से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं से संबंधित उपयोगी प्रस्तुतियां भी दी गईं। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

अपने संबोधन में माननीय जनपद न्यायाधीश आशीष जैन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधिक जागरूकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं नोडल अधिकारी भगीरथ वर्मा ने मेगा शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय भान ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राज शर्मा एवं भूपेंद्र दीक्षित द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनेक न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्तागण तथा जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों लाभार्थी उपस्थित रहे।
🔹 यह शिविर विधिक जागरूकता, सामाजिक न्याय और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल साबित हुआ।
