सीतापुर में ‘मिर्जापुर’ जैसा खौफ: भगवानपुर में प्रधान की दबंगई का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

सीतापुर। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भगवानपुर इलाके में पूर्व प्रधान के भाई सद्दाम का सरेआम राइफल लहराते हुए ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है और लोगों को मशहूर वेब सीरीज मिर्जापुर की याद दिला दी है।

फिल्मी स्टाइल में दहशत का तांडव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी सद्दाम हाथ में राइफल लेकर गांव की गलियों में बेखौफ घूमता रहा। वीडियो में उसका अंदाज किसी माफिया किरदार जैसा दिख रहा है। आरोप है कि उसने न केवल हथियार का खुलेआम प्रदर्शन किया, बल्कि गाली-गलौज करते हुए ग्रामीणों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।

रसूख की हनक या कानून का डर खत्म?

ग्रामीणों का कहना है कि सद्दाम, नादिर प्रधान का भाई होने के कारण अपने रसूख का फायदा उठा रहा है। खुलेआम हथियार लहराने की इस हिमाकत से लोगों में गुस्सा और डर दोनों है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

गांव में सुरक्षा की मांग

यह मामला जनपद के कोतवाली देहात अंतर्गत भगवानपुर क्षेत्र का है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a comment