खैराबाद। परिवहन विभाग द्वारा लागू की गई नवीन टैक्स प्रणाली की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उप संभागीय परिवहन कार्यालय खैराबाद परिसर में आयोजित दो दिवसीय परिवहन मेले का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। मेले में वाहन स्वामियों, परिवहन व्यवसायियों, ऑटो व ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों तथा ऑटोमोबाइल डीलरों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

मेले के दौरान टैक्स से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया और मोटर मालिकों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि 7500 किलोग्राम तक के मालवाहक एवं यात्री वाहनों को वन टाइम टैक्स (एकमुश्त कर अदायगी) व्यवस्था में शामिल किया गया है। उन्होंने वाहन की श्रेणी, भार क्षमता, सीट क्षमता और उपयोग के आधार पर टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया।इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से टैक्स जमा करने की सुविधा तथा कार्यालय काउंटर पर भुगतान की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। विलंब से टैक्स भुगतान करने पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क और दंड के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया, ताकि वाहन स्वामी समय से कर जमा कर अनावश्यक जुर्माने से बच सकें।

दो दिवसीय इस परिवहन मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर नई कर व्यवस्था के प्रति जागरूकता प्राप्त की। मेले के दूसरे दिन कुल 180 लोगों ने भाग लेकर टैक्स संबंधी जानकारी हासिल की। आयोजन को सफल बताते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, जिससे आमजन को परिवहन नियमों और सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
