सीतापुर: जनपद के सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिम्मेदारों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। अस्पताल परिसर में लंबे समय से कबाड़ की स्थिति में खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई, जिससे पूरी एंबुलेंस जलकर राख हो गई।
घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन सरकारी संपत्ति के नुकसान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस काफी समय से अनुपयोगी हालत में परिसर में खड़ी थी, जिसकी न तो निगरानी की जा रही थी और न ही समय रहते उसे हटाने की कोई कार्रवाई हुई।

आग कैसे लगी और यह हादसा था या किसी की शरारत—यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाह प्रबंधन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
