बस्ती में पर्यटन को नई रफ्तार: मंत्री जयवीर सिंह ने किया यात्री विश्रामालय का लोकार्पण

बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक अंतर्गत गोनार स्थित गढ़वा समय माता मंदिर परिसर में नवनिर्मित यात्री विश्रामालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के समग्र और चौमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मंत्री जयवीर सिंह ने घोषणा की कि नए वित्तीय वर्ष में पर्यटन विभाग के माध्यम से इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल का विकास कार्य कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मथुरा में जल्द ही कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

यह यात्री विश्रामालय देवेंद्र सिंह भोले, सांसद अकबरपुर द्वारा अपनी मां की स्मृति में बनवाया गया है। उल्लेखनीय है कि गोनार में सांसद देवेंद्र सिंह भोले की मां कनकरानी का ननिहाल है और उनकी समय माता के प्रति गहरी श्रद्धा रही है।

कार्यक्रम को जगदंबिका पाल, शांतनु जी महाराज और राजकिशोर सिंह ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने धार्मिक स्थलों के विकास को क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ते हुए सरकार की पहल की सराहना की।

आयोजन का सफल संचालन गोनार के प्रधान अजीत पाल डब्लू की अगुवाई में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment