लाखों की स्ट्रीट लाइट योजना फेल, इलाका अब भी अंधेरे में डूबा

लखनऊ के व्यस्त लाटूश रोड क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट योजना पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद जमीनी हकीकत सवालों के घेरे में है। कैसरबाग गन मार्केट, पीली मस्जिद, न्यू व ओल्ड मेडिसिन मार्केट से श्रीराम रोड तिराहा तक लगे खंभों की लाइटें कई दिनों से बंद पड़ी हैं, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय घना अंधेरा दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है। पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र होने के कारण देर रात तक आवाजाही रहती है, लेकिन प्रकाश व्यवस्था ठप होने से सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं।

निवासियों और व्यापारियों का आरोप है कि उन्होंने संबंधित विभाग में कई बार शिकायत दर्ज कराई, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि जब सरकार द्वारा स्ट्रीट लाइट योजना पर बड़ी धनराशि खर्च की गई है, तो फिर लाइटें चालू क्यों नहीं हैं—यह समझ से परे है।

स्थानीय जनता ने नगर प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे और आमजन को राहत मिल सके।

Leave a comment