सीतापुर। डा. राजागणपति आर., जिलाधिकारी सीतापुर ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, सिधौली का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मल्टीपर्पज हॉल, भोजनालय कक्ष, किचन तथा साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते की गुणवत्ता की जांच की गई और किचन में रखे राशन की गुणवत्ता भी परखी गई। शौचालय, बाथरूम और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
ड्रामेटिक हॉल में पहुंचकर जिलाधिकारी ने कक्षा-6 की छात्राओं से संवाद किया और शिक्षण कार्य के साथ-साथ उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। अध्यापकों की संख्या के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए।कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए आरओ पानी की गुणवत्ता की जांच की गई, जो मानक के अनुरूप न मिलने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
