ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगी न्याय की रोशनी: सीतापुर में विधिक सेवा जागरूकता वाहन को दिखाई गई हरी झंडी

सीतापुर, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विधिक सेवा गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक बहुउपयोगी जागरूकता वाहन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर को उपलब्ध कराया गया।

सोमवार को दोपहर 1:30 बजे जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर आशीष जैन ने समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी भागीरथ वर्मा ने बताया कि यह वाहन जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को उनके संवैधानिक व विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा, साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला-बाल अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेगा।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय भाव सहित अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।यह पहल न्याय को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a comment