भिवाड़ी | राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
इस दर्दनाक हादसे में कई मजदूरों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ मजदूरों के अभी भी फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की खबर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास की फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। फैक्ट्री परिसर को खाली करा लिया गया है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में केमिकल स्टोरेज के दौरान विस्फोट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि धमाके के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
