सीतापुर। जनपद सीतापुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बीते पांच दिनों से लापता युवक का शव उसकी कार समेत नहर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान अकील के रूप में हुई है, जो कार मालिक की गाड़ी लेकर घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में रहस्यमय ढंग से लापता हो गया।
जानकारी के अनुसार अकील पांच दिन पहले महमूदाबाद से नूरपुर जा रहा था। रास्ते में उसके अचानक लापता हो जाने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई होगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिहारूखेड़ा व बघाइन के बीच नहर में क्रेन की मदद से सर्च अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया, जिसमें अकील का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
