गाजियाबाद। लाजपत नगर शनि मंदिर के समीप बजट चौपाल का आयोजन महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं शहीदों को माल्यार्पण कर किया गया।

चौपाल को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 अभूतपूर्व एवं सर्वसमावेशी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग—गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं मध्यम वर्ग—का विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 के बजट में पूर्व निर्धारित तीन हजार करोड़ रुपये की राशि को लगभग तीन गुना तक बढ़ाकर विकास कार्यों को गति देने का मार्ग प्रशस्त किया है, जिससे गांव, गरीब और युवाओं के कल्याण हेतु व्यापक योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सकेगा।

इस अवसर पर बजट चौपाल के संयोजक गुंजन शर्मा, विधानसभा संयोजक संदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष आलोक शर्मा, मुदित त्यागी, माधव सूद, अनिल चौधरी, के.एन. सिंह, संदीप बंसल, देशपाल कसाना, हिमांशु पोखरियाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि बजट चौपालों की श्रृंखला के अंतर्गत कल मुरादनगर विधानसभा एवं शहर विधानसभा में भी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्य भूमिका में विधायक अजीत पाल त्यागी एवं विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहकर बजट की प्रमुख योजनाओं एवं जनहितकारी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।
उन्होंने बताया कि इन चौपालों का उद्देश्य आमजन तक बजट की जानकारी पहुंचाना तथा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों से नागरिकों को अवगत कराना है।
