फेयरवेल पार्टी में जुनियर्स ने मचाया धमाल।
सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर में शनिवार को 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया।

फेयरवेल पार्टी का शुभारम्भ एच एम फरह़ इमाम द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । जिसके उपरांत परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानाचार्य आर के सिंह द्वारा हवन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी आहूति दी।

फेयरवेल पार्टी में 12वीं के छात्र-छात्राओं का स्वागत उनके जूनियर्स ने पुष्प भेट कर व तिलक लगाकर किया। इसके बाद रंग-बिरंगे परिधानों से सजे-धजे छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। और जमकर धमाल मचाया।

इस अवसर पर कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने जहां अपने सीनियर्स को उनकी रुचि एवं गरिमा के अनुरूप टाइटल प्रदान कर उपहार भेंट किए वहीं सभी गुरुजनों ने अपने आशीर्वचनों के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सीनियर्स की विदाई बेला पर केक काटा गया।

अंत में निर्णायकों द्वारा गरिमा सिंह को मिस डीपीएस तथा शिवा राठौर को मिस्टर डीपीएस के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा अध्ययनकाल में स्कूल प्रबंधन तथा गुरुजनों से मिली सीख और मार्गदर्शन की प्रशंसा की।
इस अवसर पर पधारे मुख्य अतिथि अशीष जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते कहा कि निरंतर प्रयास, कठिन परिश्रम व अनुशासन के माध्यम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को धैर्य, लगन व मेहनत से परीक्षा देने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन का आशीष दिया।
प्रधानाचार्य आर के सिंह ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बारहवीं कक्षा के बाद विद्यार्थी अलग-अलग विषयों की पढ़ाई करके अपने करियर को नया मुकाम देंगे। आर के सिंह ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि जहां भी जाएं अपने गुरुजनों द्वारा सिखाई गई बातों को हमेशा याद रखें तथा निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होते हुए अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।

अंत में स्कूल की एच एम फरह़ इमाम ने 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा में तनाव न लेने तथा शांत मन से परीक्षा की तैयारी करने का आह्वान किया।
