सीतापुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डा0 प्रियंका मौर्य ने बुघवार को तहसील सभागार सदर में महिला उत्पीड़न के मामलों की जनसुनवाई की। उन्होंने पीड़ित महिलाओं को एक एक करके सुना और1 समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। महिला जनसुनवाई के दौरान कुल 48 में 09 का निस्तारण मौके पर करते हुये अन्य प्रकरणों को जल्द ही निस्तारण के निर्देश संबंधित को दिये।

जनसुनवाई करते हुए सदस्या डा0 प्रियंका मौर्य ने कहा कि महिलाओं को जागरूक करके महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को कम किया जा सकता है। इसके लिये उन्होंने जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश संबंधित को दिये। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुये योजनाओं का लाभ आमजनमानस तक शतप्रतिशत पहुंचाया जाये तथा जो भी पीड़िताओं के साथ बच्चे आ रहे थे, उनको योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिला अपराधों से संबंधित घटनाओं में कड़ी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। सदस्य डा0 प्रियंका मौर्य ने महिला अपराधों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश संबंधित को प्रदान किये। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से भी अपील की कि वह स्वयं भी जागरूक हों एवं अन्य को भी जागरूक करें तथा उत्पीड़न की घटनाओं में चुप न रहें और तत्काल महिला हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर अथवा पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकते है। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिये कि जो भी शिकायतें आज प्राप्त हुयी हैं, उनके निस्तारण संबंधी समस्त सूचनाएं उन्हें उपलब्ध करायी जायें। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लाभार्थियों को दिलाया जाये। महिला जन सुनवाई के दौरान एक पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को सुलह समझौते के द्वारा हल कराया गया, जिससे वह विवाद को छोड़कर एक साथ रहने हेतु खुशी खुशी राजी हुये। जनसुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी सदर अभिनव कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अमन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सदस्य डा0 प्रियंका मौर्य ने किया जिला जेल सीतापुर का निरीक्षण।

जिला जेल सीतापुर का सदस्य डा0 प्रियंका मौर्य द्वारा महिला बैरक में निरुद्ध समस्त महिला बन्दियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के विषय में जानकारी ली तथा महिला बन्दियों उनके साथ रह रहे बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में समुचित दिशा निर्देश भी दिये।
जिला महिला चिकित्सालय एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं

जनपद के एक दिवसीय भ्रमण पर आयी राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्या डॉ0 प्रियंका मौर्या ने जिला महिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। बेटी जन्मोत्सव के अंतर्गत उन्होंने नवजात कन्याओं को किट, कम्बल आदि का वितरण भी किया।

उन्होंने महिलाओं से चिकित्सालय में मिल रही सुविधाओं के विषय में जानकारी भी ली। सदस्या डॉ0 प्रियंका मौर्या ने निर्देश दिए शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का पूरा लाभ महिलाओं को मिले, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने पात्रों को कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किये जाने के निर्देश भी दिये। सदस्या डा0 प्रियंका मौर्य ने वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिये।निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा0 सुनीता कश्यप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
