कबाड़ से जुगाड़ के माध्यम से बने पार्क का सिधौली विधायक ने किया उद्घाटन

कचरे को एक खूबसूरत जगह में कैसे बदला जाता है अवंतीबाई पार्क इसका बेहतरीन उदाहरण है : ईओ रेणुका यादव

सीतापुर: नगर पंचायत सिधौली ने बहादुरपुर स्थित अवंतीबाई पार्क को कबाड़ से जुगाड़ माध्यम से बेहद ही खूबसूरत ढंग से बनाया है। जिसका आज नगर पंचायत सिधौली में स्थानीय विधायक मनीष रावत ने फीता काट कर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक द्वारा कबाड़ से जुगाड़ द्वारा निर्मित पार्क में सर्वश्रेष्ट कार्य करने वाले पांच कर्मचारियों को सम्मानित किया गया ।

इस अवसर पर अवंतीबाई पार्क में ईओ रेणुका यादव, चैयरमैन गंगा राम राजपूत एंव विधायक मनीष रावत द्वारा वृक्षारोपण कार्य किया गया।

नगर पंचायत सिधौली की तरफ से ईओ रेणुका यादव ने विधायक मनीष रावत को वेट वेस्ट से निर्मित खाद को भेट किया गया।

ईओ रेणुका यादव ने कहा आज का कार्यक्रम जीरो वेस्ट पर आधारित था। कचरे को एक खूबसूरत जगह में कैसे बदला जाता है अवंतीबाई पार्क इसका बेहतरीन उदाहरण है‌। नगर पंचायत सिधौली ने एक स्थायी और पर्यावरण के अनुकूल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है यह पार्क यहां के लोगों के लिए एक मनोरंजक स्थान के रूप में काम करेगा।

नगर पंचायत सिधौली में बने अवंतीबाई पार्क में खराब हो चुके गाड़ी के टायर, खाद्य सामग्री के खाली डिब्बों पर उगे फूलों को देखकर नहीं लगता कि कोई इन खराब चीजों का इस तरह भी इस्तेमाल कर सकता है। लेकिन ईओ रेणुका यादव ने अवंतीबाई पार्क में कुछ ऐसा ही प्रयोग किया है।

अवंतीबाई पार्क को सुंदर बनाने के लिए घरों में खराब हो चुकी चीजों का प्रयोग किया है। इसके तहत वाहनों के खराब हो चुके टायर, कांच व प्लास्टिक की बोतलें व अन्य खाद्य सामग्री के खाली डिब्बों को उपयोग में लाया गया है। पार्क में पुराने टायरों को कटिंग और उसकी पेटिंग कराकर उसे काफी अच्छे ढंग से सजाया गया है। इसके अलावा पार्क में पुराने टायरों के हिस्से को जोड़कर उसमें रंग-बिरंगे फूलों के पौधे भी लगाए गए हैं।

साथ ही, खाद्य सामग्री के खाली डिब्बों को काटकर उसमें सजावटी पौधे लगाए गए हैं।

पार्क में इन निष्प्रयोज्य सामग्रियों से पार्क का सुंदरीकरण किया गया है। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी सदस्य गण, कर्मचारी तथा नगर पंचायत की जनता उपस्थित रही।

Leave a comment