उसरू- अमौना स्थित देवा इंटर कॉलेज में “मिशन शक्ति- नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम प्रधानाचार्या नमिता मिश्रा ने थाना पूराकलंदर के सबइंस्पेक्टर चंद्रशेखर, हेड कांस्टेबल दुर्गेश तिवारी, कॉन्स्टेबल दिव्या त्रिवेदी व रमा सिंह के साथ मां सरस्वती का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को दिशा प्रदान की।
मंच संचालक शिक्षक घनश्याम यादव ने कक्षा 11 व 12 की छात्राओं को सभी अतिथियों, उनके विशेष कार्यक्रम व मिशन के विषय व उद्देश्य से अवगत कराया। कॉन्स्टेबल दिव्या त्रिवेदी ने सभी छात्राओं को संबोधित करते हुए उनको महिला हेल्पलाइन, विमेन पावर लाइन, हेल्पलाइन, चाइल्ड लाइन आदि के टोल फ्री नंबर, एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवा, फायर ब्रिगेड आदि के विषय में जागरूक करते हुए विशेष नंबरों की जानकारी दी। जिसमें 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा आदि के विषय में अवगत कराया। इन सभी विषयों संबंधी सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को विशेष रूप से जागरूक रहने की बात कही। थाना पूराकलंदर के सब इंस्पेक्टर चंद्रशेखर ने सभी छात्राओं को प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से अपनी क्षमता को जानने, पहचानने व अपनाने की बात कही। उन्होंने मिशन शक्ति के महत्व, उपयोगिता व आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मिशन विशेष रूप से छात्राओं के हेतु चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 21 जुलाई से 31 जुलाई के मध्य विभिन्न विद्यालयों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। जिससे वह अपने आसपास घटित होने वाली किसी भी घटना या अप्रिय कारण की सूचना विभाग को देकर अपनी सुरक्षा कर सकने में स्वयं सक्षम हों। भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विशेष हेल्पलाइन नंबर किसी भी अप्रिय घटना में आपके सहायक हैं। आप इनका लाभ उठाकर अपने किसी भी अहित को होने से रोक सकते हैं। बस आवश्यकता है कि किसी भी अप्रिय हालात में अपने दिमाग को चैतन्य रखते हुए इन नंबरों को याद रखने की व समय पर विभाग को सूचित करने की।
सभी छात्राओं ने इस अवसर पर विशेष रूप से लाभान्वित होकर अपनी जिज्ञासा अनुसार प्रश्न भी पूछे। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बेटियों की सुरक्षा और महिला अपराध कानून संबंधी कानूनों का प्रचार प्रसार करने हेतु कार्यक्रम मिशन शक्ति का आयोजन किया जा रहा है। जिससे नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी सशक्तिकरण व नारी स्वावलंबन पर जोर दिया जा सके। नारी को उसकी क्षमताओं के बारे में जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या नमिता मिश्रा ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत आवश्यक मिशन है जिसके माध्यम से छात्राओं को जागरूक कर स्वयं उनके व उनके आसपास होने वाली किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सकता है और उनमें जागरूकता के साथ-साथ साहस भी भरा जा सकता है। विद्यालय समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। जिससे समाज का कल्याण हो सके। कार्यक्रम का सफल आयोजन शिक्षक सीता शरण मिश्रा नेतृत्व में किया गया तथा शिक्षक कमलेश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।
