पंडित हरिओम शर्मा की नवीनतम पुस्तक “कवितायें कामयाबी की” का हुआ लोकार्पण।

लखनऊ: मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी आईएएस ने आज प्रख्यात साहित्यकार पंडित हरिओम शर्मा द्वारा रचित काव्य कृति “कवितायें कामयाबी की” का लोकार्पण उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना, सरस्वती वंदना व माता-पिता की सुमधुर आरती से हुआ। पुस्तक के लेखक व प्रख्यात साहित्यकार पंडित हरिओम शर्मा ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात कवित्री एवं हिंदी साहित्य जगत की हस्ताक्षर श्रीमती रमा आर्य ने की। बड़ी संख्या में लेखकों, कवियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, शिक्षाविदों, कानूनविदों व लखनऊ के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर श्री अवनीश अवस्थी ने कहा “पुस्तक कवितायें कामयाबी की” ऐसी प्रेरणादायक पुस्तक है, जिसे पढ़कर किशोर व युवा समझदारी से अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। इस पुस्तक में प्रत्येक कविता को अपने भावार्थ के साथ प्रस्तुत करना अनुपम प्रयोग है। जिससे पाठकगण कविताओं की प्रत्येक पंक्ति के मर्म को गहराई से समझ पाएंगे।

समारोह का खास आकर्षण सामाजिक उत्थान में अतुलनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान समारोह रहा, जिन्हें मुख्य अतिथि श्री अवनीश अवस्थी ने पगड़ी पहनाकर, शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले महान विभूतियों में डॉक्टर जगदीश गांधी, श्री उमेश चंद्र तिवारी, श्रीमती माया देवी शर्मा, डॉ अंशुमान पांडे, डॉ संदीप अग्रवाल, डॉक्टर सुल्तान शाकिर हाशमी, आदि शामिल थे।

Leave a comment